माफिया मुख्तार अंसारी के 'होटल गजल' की जमीन का स्वामित्व विवाद गहराया
गाजीपुर, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मऊ सदर से पूर्व विधायक रहे माफिया दिवंगत मुख्तार अंसारी के गाजीपुर स्थित चर्चित ‘गजल होटल’ के मालिकाना हक को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। शनिवार को टेढ़ी बाजार निवासी अभिषेक अग्रवाल ने एमपी/एमएलए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल कर होटल की भूमि पर अपना स्वामित्व होने का दावा किया है।
अभिषेक अग्रवाल का आरोप है कि मुख्तार अंसारी ने उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर होटल का निर्माण कराया था। उन्होंने न्यायालय से मामले में हस्तक्षेप कर अपने अधिकारों की रक्षा की मांग की है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने अगली तिथि 27 जून निर्धारित की है।
गौरतलब है कि इससे पहले मैनपुर निवासी मोती सेठ भी उक्त भूमि पर अपना दावा प्रस्तुत कर चुके हैं और इस संबंध में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे में होटल की जमीन को लेकर स्वामित्व विवाद और अधिक जटिल होता दिखाई दे रहा है। वर्तमान में गजल होटल मुख्तार अंसारी परिवार के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में शामिल है। राजस्व अभिलेखों में होटल और उससे संबंधित भूमि पर मुख्तार अंसारी के पुत्रों विधायक अब्बास अंसारी और उमर अंसारी का नाम दर्ज बताया जाता है।
सुनवाई के दौरान विधायक अब्बास अंसारी की ओर से उनके अधिवक्ता ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। अदालत ने इसे स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 27 जून को तय की है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी