प्रसूता की ऑपरेशन के दौरान मौत पर गायत्री हॉस्पिटल सीज
फर्रुखाबाद,6 मई (हि.स.)। जिले में तैनात मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) अवनींद्र कुमार ने बुधवार काे कादरी गेट थानाक्षेत्र स्थित गायत्री हॉस्पिटल को सीज कर दिया। यहां भर्ती मरीजों को लोहिया अस्पताल में शिफ्ट किया गया ।
सीएमओ ने बताया कि बीती सोमवार को गायत्री हॉस्पिटल में प्रसूता की ऑपरेशन के बाद मौत हो गई थी। इस घटना पर परिजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा कर संचालक पर कार्रवाई की मांग की थी। घटना की सूचना पर पहुंचे सीएमओ ने जांच के बाद जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर के निर्देश पर तीन सदस्यी जांच कमेटी गठित कर जांच आख्या मांगी थी।
प्रसूता की मौत के मामले में जांच कमेटी ने मंगलवार को गायत्री हॉस्पिटल की जांच में ऑपरेशन के दौरान लापरवाही पाई गई । जांच कमेटी काे सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ डॉक्टर अवनेंद्र कुमार के नेतृत्व में बुधवार काे गायत्री हॉस्पिटल को खाली कराकर सील कर दिया गया। चाबी नर्सिंग होम संचालक अरविंद राजपूत को सौंप दी। कार्रवाई टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ दीपक कटारिया, डॉ शोभा सक्सेना, डॉक्टर श्वेता सिंह, वरिष्ठ लिपिक आलोक सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग, पर्यावरण विभाग और गंगा स्वच्छता समिति के सदस्य मौजूद रहे।
सीएमओ अवनींद्र कुमार ने बताया कि नर्सिंग होम बिना एमबीबीएस डॉक्टर के संचालित किया जा रहा था। इस वजह उसे सीज कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar