गैस गोदाम में सेंध, 100 से ज्यादा सिलेंडर पार—चोरी से हड़कम्प
मीरजापुर, 24 मार्च (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के औरईयां गांव स्थित ध्रुवी गैस एजेंसी के गोदाम में सोमवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। ताला तोड़कर और चहारदीवारी का तार काटकर घुसे चोर 100 से अधिक गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया है। खासकर तब जब पहले से ही गैस सिलेंडरों की किल्लत चल रही है।
जानकारी के अनुसार, गोदाम में रखे 102 भरे सिलेंडरों में से 58 और 587 खाली सिलेंडरों में से 50 सिलेंडर गायब मिले। सुबह मिलान करने पर शेष सिलेंडर ही मौजूद पाए गए। इसके अलावा चोर गैस ढोने वाली मैजिक वाहन की बैटरी और जैक भी साथ ले गए। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से लोगों में दहशत है और पुलिस गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आज मौके का निरीक्षण किया, लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने मंगलवार काे बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा