करनपुर का ‘कूड़ा पर्वत’ होगा खत्म,जल्द शुरू होगा मेगा सफाई अभियान: मंत्री एके शर्मा

 


मीरजापुर, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने गुरुवार को विंध्याचल प्रवास के दौरान करनपुर पहाड़ी पर वर्षों से जमा कूड़े के विशाल ढेर को हटाने की घोषणा करते हुए कहा कि इस दिशा में जल्द ही बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। लगभग डेढ़ लाख टन कचरे के निस्तारण के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।

अष्टभुजा डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि करनपुर स्थित कूड़े का पहाड़ न केवल पर्यावरण के लिए चुनौती बना हुआ है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी परेशानी का कारण है। इसे हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

इससे पहले मंत्री ने मां विंध्यवासिनी, मां अष्टभुजा और कालीखोह धाम में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि विंध्याचल धाम देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और सरकार यहां श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार तथा धाम के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मंत्री ने कहा कि नगर निकायों के माध्यम से जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अनेक विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। शासन का प्रयास है कि शहरों में स्वच्छता, पेयजल, सड़क और प्रकाश व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए

नटवां ट्रांसफार्मर अग्निकांड की होगी जांच

एके शर्मा ने नटवां क्षेत्र में हाल ही में करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही से जुड़ा प्रतीत होता है। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार निवेश कर रही है। ऐसे में तकनीकी खामियों या लापरवाही को किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। जनता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा