गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, पहले दिन 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
- सेवटी नदी में स्नान के बाद मां शीतला के दरबार में टेका मत्था, जयकारों से गूंजा धाम
मीरजापुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी के मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मेला प्रभारी श्यामलाल के अनुसार, पहले दिन 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन-पूजन किए। भोर से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा।
श्रद्धालुओं ने सेवटी नदी में स्नान करने के बाद मां शीतला के दरबार में मत्था टेका। लंबी कतारों में खड़े भक्त धूप की परवाह किए बिना अपनी बारी का इंतजार करते रहे। माता के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा। भक्तों ने फल-फूल, नारियल, चुनरी और प्रसाद चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले में लगी दुकानों से खरीदारी की। लकड़ी से बने घरेलू उपकरणों और अन्य सामान की दुकानों पर भीड़ रही, जबकि बच्चों ने खिलौने खरीदे। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में भ्रमण करते रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा