गड़बड़ा शीतला धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

 


- 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दरबार में टेका माथा, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

मीरजापुर, 13 जुलाई (हि.स.)। आषाढ़ मास की चतुर्दशी पर सोमवार को प्रसिद्ध गड़बड़ा शीतला धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर के कपाट खुलने का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं ने दर्शन शुरू होते ही कतारबद्ध होकर मां शीतला का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। पूरे दिन मंदिर परिसर जय मां शीतला के जयकारों से गूंजता रहा।

मंदिर में मीरजापुर सहित आसपास के क्षेत्रों और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने मां को फूल-माला, नारियल, चुनरी, हलवा-पूड़ी सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवविवाहित दंपतियों ने भी मां के चरणों में शीश नवाकर दांपत्य जीवन की मंगलकामना की।

धार्मिक मान्यता के अनुसार शीतला माता के नाबदान के जल का लेप करने से चेचक जैसी बीमारियों से राहत मिलती है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। कई श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में आयोजित सत्यनारायण भगवान की कथा भी सुनी।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में हलिया पुलिस पूरे दिन तैनात रही।

पुलिसकर्मियों ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मंदिर के पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि सोमवार को भोर से लेकर शाम तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूरे दिन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा