पुलिस ने की गैंगलीडर की 16 लाख से अधिक की अचल संपत्ति कुर्क
फिरोजाबाद, 08 जून (हि.स.)। थाना मटसैना पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत सोमवार को गैंगलीडर की 16 लाख से अधिक की अचल सम्पति को कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की है। अभियुक्त द्वारा लगातार अपराध कारित कर अवैध चल, अचल सम्पति अर्जित की गयी है।
जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत आदतन एवं संगठित होकर गम्भीर अपराधों को अंजाम देने वाले गैंगस्टर अभियुक्तों के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद के निकट पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के कुशल नेतृत्व में थाना मटसैना पुलिस टीम ने राजस्व टीम के साथ थाना लाइनपार में दर्ज गैंगस्टर मुकदमे से सम्बन्धित अभियुक्त दौजीराम पुत्र शिवचरन निवासी दतौंजी खुर्द थाना लाइनपार जनपद फिरोजाबाद की अचल सम्पति मौजा शंकरपुर में कृषि भूमि जिसकी अनुमानित कीमत 16,23,860 रुपये (साेलह लाख तेईस हजार आठ सौ साठ रुपये) है को अन्तर्गत धारा 14(1) गिरोहबंद एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 के तहत कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़