बलरामपुर में कुख्यात गो-तस्कर गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई, पांच गिरफ्तार

 


बलरामपुर,3 जुलाई (हि.स.)। जिलें की थाना महराजगंज तराई पुलिस ने कुख्यात गो-तस्कर गिरोह के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गुरुवार को पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजा गया है।

गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गैंग लीडर मुन्नान उर्फ मन्नान पुत्र नजीर निवासी शिवानगर थाना महराजगंज तराई अपने साथियों सोनू खां, कल्पू, शौकत अली, समीउल्ला एवं फकरुद्दीन के साथ मिलकर आर्थिक लाभ के उद्देश्य से गोवंश के बछड़ों का वध कर उनका मांस बेचने का अवैध कारोबार करता था। इस मामले में 22 जुलाई 2026 को थाना महराजगंज तराई में गैंगस्टर एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। बताया कि पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी के नेतृत्व में गुरुवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त मुन्नान उर्फ मन्नान पुत्र नजीर, कल्पू पुत्र नजीर निवासी शिवानगर तथा शौकत अली पुत्र इद्रीश, समीउल्ला पुत्र मेहदी हसन और फकरुद्दीन पुत्र इद्रीश निवासी भुड़कुड़ा मजरा नौवा, थाना महराजगंज तराई को कौवापुर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार इन सभी अभियुक्तों के विरुद्ध थाना महराजगंज तराई में पूर्व से गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन