फर्रुखाबाद : गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के पार, जिलाधिकारी ने देखी शरणालयों की व्यवस्था

 


फर्रुखाबाद, 01 अगस्त (हि.स.)। पहाड़ाें के बारिश के चलते नरौरा बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे फर्रुखाबाद जनपद में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर पहुंच गया है। शनिवार काे गंगा के बढ़ते जलस्तर काे देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम तीसराम मड़ैया, ग्राम चित्रकूट तथा राजेपुर स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में स्थापित शरणालय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से शरणार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

जिलाधिकारी ने शरणालय स्थलों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा सुविधा, बच्चों एवं महिलाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं तथा पशुओं के चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूर्णतः तैयार रहें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने बाढ़ प्रभावित कृषि भूमि एवं जलभराव की स्थिति का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जाए। ग्राम स्तर पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा जलस्तर में किसी भी प्रकार की वृद्धि होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद प्रशासन की ओर से संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। राहत सामग्री, नावों, चिकित्सा दलों तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, तहसीलदार शशांक सिंह, खंड विकास अधिकारी राजेपुर सुनील जायसवाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

--------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar