गंगा के जलस्तर में छह सेंटीमीटर प्रति घंटे की वृद्धि, एनडीआरएफ ने अधिक सुदृढ़ की निगरानी व्यवस्था

 


वाराणसी, 16 अगस्त(हि. स.)। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के दृष्टिगत 11वीं एनडीआरएफ के वाराणसी जोन के अधिकारी और बचाव कर्मियों ने रविवार को नदी क्षेत्र में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया है। कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने कहा कि 11 वीं एनडीआरएफ की टीमें गंगा नदी में 24 घंटे, सातों दिन तैनात रहकर नियमित बोट पेट्रोलिंग एवं सतत निगरानी के माध्यम से नदी की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

आज गंगा नदी का जलस्तर 65 मीटर दर्ज किया गया तथा जलस्तर में लगभग 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से वृद्धि हो रही है। वर्तमान परिस्थितियों में जन-सुरक्षा के दृष्टिगत नौका संचालन को अग्रिम आदेश तक स्थगित किया गया है। जिससे किसी दुर्घटना की परिस्थिति नहीं बने।

उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की टीमों द्वारा नदी क्षेत्र में नाविकों, यात्रियों एवं आमजन को जिला प्रशासन एवं जल पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा नदी में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, एनडीआरएफ की मेडिकल टीम वाटर एम्बुलेंस के साथ गंगा नदी क्षेत्र में हर वक्त तैनात रहती है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में नदी क्षेत्र में मौजूद लोगों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। 11वीं एनडीआरएफ द्वारा गंगा नदी के जलस्तर एवं परिस्थितियों की निरंतर निगरानी की जा रही है। किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीमें त्वरित प्रतिक्रिया एवं आवश्यक बचाव कार्य के लिए पूरी तरह तैयार एवं मुस्तैद हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद