वाराणसी : नमामि गंगे, नगर निगम और स्वयंसेवकों ने प्रमुख घाटों पर चलाया विशेष स्वच्छता अभियान

 


वाराणसी, 19 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में गंगा का जलस्तर कम होने पर नमामि गंगे, नगर निगम और स्थानीय स्वयंसेवकों ने शनिवार को अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट सहित प्रमुख घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।

स्वयंसेवक अमित ने बताया कि गंगा में घाटों की सीढ़ियों पर भारी मात्रा में सिल्ट (गाद), जलकुंभी, प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन और पूजन सामग्री जमा है, जिससे श्रद्धालुओं और विदेशी पर्यटकों को आवाजाही में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए हम लोगों ने विशेष स्वच्छता अभियान को हाथ में ले लिया है। सफाई अभियान के दौरान नगर निगम की गाड़ियों और नावों की मदद से भारी मात्रा में कचरा बाहर निकाल कर निस्तारण केंद्र भेजा जा रहा है।

अभियान के दौरान नमामि गंगे के पदाधिकारियों ने घाटों पर मौजूद नागरिकों और दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने स्थानीय लोगों और दुकानदारों को संदेश दिया कि मोक्षदायिनी गंगा को प्रदूषण मुक्त रखना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। नगर निगम की ओर से आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी अर्धचन्द्राकार घाटों को स्वच्छ व सुगम बनाने के लिए यह सफाई अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद