वाराणसी के डोमरी क्षेत्र में मकानों के नजदीक पहुंचा गंगा का पानी,पशुओं को दूर रखने की चेतावनी

 


वाराणसी, 22 अगस्त (हि.स.)। वाराणसी के रामनगर स्थित डोमरी क्षेत्र में गंगा किनारे रहने वाले लोगों को जिला प्रशासन की ओर से अलर्ट कर दिया गया है। गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर से डोमरी क्षेत्र में फैले हुए घाट किनारे के मकानों के नजदीक गंगा नदी का जल पहुंच चुका है। स्थानीय लोगों को अपने सामानों और पशुओं को भी नदी से दूर रखने की चेतावनी दे दी गई है।

इसके बावजूद शनिवार को जिला प्रशासन की चेतावनी के बावजूद गंगा नदी के किनारे भैंसों को नहलाते हुए पशुपालकों को देखा गया। इस संबंध में पशुपालकों अजय यादव और अन्य का कहना था कि रोजाना की तरह वह अपनी भैंसों को गंगा में नहलाने आए थे। वास्तव में गंगा का जलस्तर ऊपर आ चुका है। आगे से वे सभी सावधानी रखेंगे।

डोमरी क्षेत्र निवासी सुनील पटेल ने कहा कि जिला प्रशासन की चेतावनी के बाद से नदी के आसपास घर बनाकर रहने वाले लोगों ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। जैसे-जैसे जलस्तर बढ़ रहा है, लोग अपने रोजाना के सामान को समेटने में जुट गए हैं।

दुकानदार कृष्णा ने बताया कि गंगा का बढ़ता जलस्तर हम लोगों को डरा रहा है। यह भी महसूस हो रहा है कि कुछ ही दिनों में घाट से ऊपर मकानों के बीच नदी का जल पहुंच जाएगा। गंगा मैया हम सभी का कल्याण करें।

वही, गंगा के बढ़े जलस्तर से नौका चलाकर रोजीरोटी चलाने वाले नाविकों ने कहा कि गंगा नदी ने नौका चलाकर ही उनका परिवार का पेट पल पाता है। फिलहाल वह अभी कुछ दिन किराए पर ठेला लेकर लगाएंगे। जिससे पेट भरने की व्यवस्था हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद