वाराणसी : गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर और उठती लहरों को देखते हुए नाव संचालन पर लगी रोक
वाराणसी, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में जिला प्रशासन में गुरुवार को गंगा नदी में चलने वाली सभी नावों पर रोक लगा दी। जल पुलिस द्वारा जिला प्रशासन के आदेश को नाविकों को बताया गया। पुलिस कर्मियों ने कहा कि हवाएं तेज चल रही हैं, गंगा नदी में ऊंची लहरें उठ रही हैं। इस कारण अगले आदेश तक नाव के संचालन पर रोक लग गई है।
जल पुलिस के कर्मचारियों ने विभागीय नाव पर सवार होकर माइक लेकर घाटों के किनारे जोर-जोर से अपील करते हुए उक्त जानकारी दी गई। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि घाटों पर नहा रहे श्रद्धालुओं को विशेष सतर्कता बरतनी है। नदी में उठ रही लहरों के कारण कभी भी दुर्घटना होने की संभावना है। इस कारण स्नान के लिए बने स्थान पर ही स्नान करें।
वहीं, गुरुवार को गंगा नदी के जलस्तर पर नजर रखने वाली टीमें भी सक्रिय हो गईं। घाट किनारे संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई हैं। इसके साथ ही जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें अलग-अलग भ्रमण पर निकली और निरीक्षण करती रहीं।
एनडीआरएफ के अधिकारी शुभम मिश्रा ने कहा कि गंगा नदी में उठ रही लहरों के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। इसको देखते हुए एनडीआरएफ के बचाव दल कर्मियों ने सक्रियता और नदी में निरीक्षण बढ़ा दिया है। संवेदनशील जगहों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद