मध्य प्रदेश से भटककर मीरजापुर पहुंचे गजराज, गर्भवती हथिनी के साथ जंगल में डाला डेरा

 


- जीपीएस कॉलर से ट्रेस हो रही हाथियों की लोकेशन, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

मीरजापुर, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से भटककर नर हाथी और गर्भवती हथिनी का जोड़ा मीरजापुर के ड्रमंडगंज वन रेंज के जंगलों में पहुंच गया है। शनिवार रात बबुरा रघुनाथ सिंह जंगल में हाथियों की मौजूदगी की खबर मिलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीमें जीपीएस ट्रैकर के जरिए दोनों हाथियों की लगातार निगरानी कर रही हैं।

ग्रामीणों की सूचना पर देर रात ड्रमंडगंज वन रेंज के वनदरोगा कुमार कार्तिकेय, वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी और मध्य प्रदेश के हनुमना वन रेंज के रेंजर नयन कुमार तिवारी टीम के साथ मूर्तिहा जंगल पहुंचे। काफी देर तक तलाश के बाद रविवार सुबह हाथियों का जोड़ा गंगहर जंगल से होते हुए महुगढ़ी पहाड़ के घने जंगल में पहुंच गया।

वनकर्मियों ने आज हाथियों के गले में लगे कॉलर आईडी की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की। शाम करीब पांच बजे दोनों की लोकेशन बरम बाबा मंदिर के सामने जंगल में मिली। हालांकि वनकर्मियों को हाथियों का प्रत्यक्ष दीदार नहीं हो सका। जंगल में कई स्थानों पर उनके पदचिह्न और मल मिलने से मौजूदगी की पुष्टि हुई है।

वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी ने बताया कि हथिनी गर्भवती है, इसलिए उसकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

डीएफओ राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि हाथियों का जोड़ा सीमावर्ती जंगल में प्रवास के लिए पहुंचा है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर अकेले न जाने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी में जुटी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा