महा अष्टमी पर गडबड़ा शीतला धाम में उमड़ा जनसैलाब, महागौरी स्वरूप के दर्शन को लगी लंबी कतारें
मीरजापुर, 26 मार्च (हि.स.)। वासंतिक नवरात्र की महाअष्टमी पर मीरजापुर जिले के गड़बड़ा स्थित शीतला माता धाम में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरुवार को महागौरी स्वरूप में विराजमान मां के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंदिर का कपाट खुलते ही जयकारों के बीच भक्तों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई और मनोकामनाएं मांगीं।
भक्त हाथों में गुड़हल, गुलाब, गजरा जैसे पुष्प और रोट, हलुआ का प्रसाद लेकर पहुंचे और श्रद्धा भाव से मां को अर्पित किया। भोर से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। अनुमान है कि एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में शीश नवाया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कुंवारी कन्याएं सिर पर जवारी लेकर समूह में मंदिर पहुंचीं। एक साथ सैकड़ों की संख्या में पहुंचने से मंदिर परिसर में समय-समय पर भीड़ बढ़ती रही, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव मेला प्रभारी श्यामलाल और पीएसी बल के साथ पूरे परिसर में मुस्तैद रहे, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा