हुनर से रोजगार तक... मोबाइल रिपेयर से लेकर सोलर इंस्टॉलेशन तक सीखेंगे युवा

 


- विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 में 14 नए ट्रेड शामिल, 10 दिन की ट्रेनिंग के बाद 10 लाख तक ऋण की सुविधा

मीरजापुर, 15 सितंबर (हि.स.)। अब हुनर सीखकर युवा नौकरी की तलाश में भटकने के बजाय अपना कारोबार शुरू कर सकेंगे। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के दूसरे चरण में बाजार की मांग के अनुरूप 14 नए ट्रेड शामिल किए गए हैं। इनमें मोबाइल, कंप्यूटर और ऑटोमोबाइल मरम्मत से लेकर सोलर इंस्टॉलेशन, डिजिटल फोटोग्राफी और सौंदर्य एवं वेलनेस तक के काम शामिल हैं।

योजना के तहत चयनित युवाओं को 10 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में संबंधित व्यवसाय की तकनीक, उपकरणों के इस्तेमाल और कारोबार संचालन की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को केवल काम सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार करना है। उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार ने बताया कि पारंपरिक व्यवसायों के साथ आधुनिक और बाजार में मांग वाले कार्यों को भी योजना से जोड़ा गया है। प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपना रोजगार शुरू कर सकें।

14 नए ट्रेडों में मूर्तिकार, मालाकार, भड़भूजा, दूधवाला, मछुआरा, मोबाइल मरम्मत, ऑटोमोबाइल मरम्मत, इलेक्ट्रॉनिक सामान की मरम्मत, विद्युत सामान की मरम्मत, प्लंबर, कंप्यूटर मरम्मत, सोलर इंस्टॉलेशन, डिजिटल फोटोग्राफी तथा सौंदर्य एवं वेलनेस शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा