भाजपा ने लोकतंत्र सेनानियों का किया सम्मान, आपातकाल को बताया काला अध्याय

 


औरैया, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय तुर्कीपुर में गुरुवार को आपातकाल की बरसी के अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल के दौरान जेल जाने वाले और सरकारी यातनाएं सहने वाले लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया। भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें माला और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने लोकतंत्र सेनानियों का अभिनंदन किया। इस दौरान वक्ताओं ने आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए उस दौर को लोकतांत्रिक मूल्यों की कठिन परीक्षा बताया।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह ने कहा कि 25 जून 1975 का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा, जब देश पर आपातकाल थोपा गया था। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक चले इस दौर में नागरिक स्वतंत्रताओं और लोकतांत्रिक अधिकारों पर गंभीर प्रतिबंध लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि उस समय अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया और विपक्षी नेताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेल भेजा गया।

भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि आपातकाल के दौरान प्रेस पर सेंसरशिप लागू कर दी गई थी और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उन सभी लोकतंत्र सेनानियों को नमन करती है, जिन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया और यातनाएं सहीं।

लोकतंत्र सेनानी संगठन के जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को सदैव सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है और नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती का महत्व समझाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार, मनु राजपूत, आशीष दुबे, भूरे चौबे, योगेंद्र कैथवार, इंद्रपाल पाल, अमरचंद्र राठौर, विशाल शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार