निः शुल्क आईएएस-पीसीएस कोचिंग के लिए 18 मई से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
-समाज कल्याण विभाग ने जारी किया प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल
लखनऊ, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को प्रशासनिक सेवा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए प्रदेश में संचालित 08 आवासीय निःशुल्क आईएएस, पीसीएस परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्रों में प्रवेश के लिए सम्मलित प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बुधवार को बताया कि ऑनलाइन आवेदन 18 मई से 18 जून तक विभागीय वेबसाइट www.socialwelfareup.upsdc.gov.in पर किए जा सकेंगे। प्रवेश पत्र 25 जून से डाउनलोड होंगे, जबकि सम्मलित प्रवेश परीक्षा 05 जुलाई को होगी। परीक्षा परिणाम 28 जुलाई तक घोषित किए जाने की संभावना है। वहीं नया शैक्षणिक सत्र 01 अगस्त से शुरू किया जाएगा।
ये कर सकते हैं आवेदन
1- अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थी
2-परिवार की वार्षिक आय 06 लाख रुपये या उससे कम
विषय विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन
इन केंद्रों पर अभ्यर्थियों को नि:शुल्क आवासीय सुविधा ,भोजन, पुस्तकालय, ऑनलाइन और ऑफलाइन क्लासेज, टेस्ट सीरीज और मुख्य परीक्षा के साथ ही इंटरव्यू के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाते हैं, जहां विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ आईएएस और पीसीएस अधिकारियों का मार्गदर्शन दिया जाता है। हाल ही में घोषित यूपीपीसीएस-2024 परीक्षा में 44 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।
बाेले मंत्री
समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने जारी अपने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्रों के जरिए निःशुल्क कोचिंग और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवाओं में अपनी पहचान बना सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक