जिलाधिकारी ने उर्स की तैयारियों का किया निरीक्षण, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के दिए निर्देश

 




फर्रुखाबाद,28 नवंबर (हि.स.)। कमालगंज के शेखपुर में हजरत शेख मखदूम शाह लंगरजहां रहमतुल्लाह अलैह के 702वें उर्स को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ उर्स स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले जायरीन की सुविधा और सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से समय रहते अपनी जिम्मेदारियां पूरी करें।

डीएम ने उर्स स्थल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था रखने, पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती करने तथा पेयजल, प्रकाश और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से चाक-चौबंद रखी जाएं, ताकि किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े। तैयारियों में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए और संबंधित विभाग व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करें।

वहीं, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आयोजन स्थल, प्रमुख मार्गों, प्रवेश और निकास स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के साथ संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पहले से आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

डीएम और एसपी ने आयोजकों तथा स्थानीय गणमान्य लोगों से समन्वय बनाकर उर्स को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पुष्कर वर्मा, क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार, थानाध्यक्ष कमालगंज दीपक त्रिवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर