सुलतानपुर में अवैध खनन की जांच में नायब तहसीलदार और लेखपालों पर हमला, दाराेगा समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
सुलतानपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के कोतवाली नगर स्थित अमलिया कला गांव में अवैध खनन की सूचना पर सोमवार रात छापेमारी करने गई राजस्व टीम पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। इसमें नायब तहसीलदार का पैर जहां फ्रैक्चर हुआ है ताे वहीं दो लेखपालों को चोटे आई हैं। इस मामले में दाराेगा समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित कर दिये गए हैं।
अमलिया कला गांव में अवैध खनन का कार्य की सूचना पर बीती रात क्षेत्रीय लेखपाल सुमित कुमार वर्मा, लेखपाल बृजेश कुमार सिंह और नायब तहसीलदार धर्मेन्द्र कुमार यादव की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर एक डम्पर मिला, जिसे टीम ने पकड़ लिया। जैसे ही प्रशासनिक टीम ने डम्पर को पकड़ा, तभी गोलू सिंह, संदीप सिंह और 10-15 अज्ञात लोग मौके पर आ गए। आरोप है कि इन लोगों ने नायब तहसीलदार धर्मेन्द्र कुमार यादव को जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके पैर व शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा, शिकायतकर्ता के साथ भी लात-घूंसों से मारपीट की गई, भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। घायल नायब तहसीलदार और लेखपालों का राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया गया है।
सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने मंगलवार को बताया कि इस घटना के संबंध में थाना कोतवाली नगर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की तीन टीमें आरोपिताें को गिरफ्तार करने में जुटी हैं। दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
डीएम इंद्रजीत सिंह ने बताया कि खनन को लेकर की गई कार्रवाई के दौरान जेसीबी और डंपर वहां से भागने लगे। जब प्रशासनिक टीम ने आगे की कार्रवाई की, तो अवैध खनन कर रहे लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में नायब तहसीलदार और लेखपाल घायल हो गए हैं, जिन्हें चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद रात में ही सख्त कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक डंपर को सीज किया गया है और दो एफआईआर दर्ज की गई हैं।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि प्रकरण के सम्बन्ध में स्थानीय पुलिस की भूमिका की जांच सीओ सिटी को दी गयी थी,। इसके सम्बन्ध में जांच रिपोर्ट में सामने आया कि स्थलीय निरीक्षण से प्रतीत होता है कि उस स्थान पर विगत कई दिनों से मिट्टी खनन का कार्य संचालित हो रहा था, जिसकी जानकारी चौकी प्रभारी एवं चौकी पर नियुक्त पुलिस कर्मियों को होनी चाहिए थी। ऐसे में उनकी संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता।
ऐसे में अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, कर्तव्य के प्रति उदासीनता एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर चौकी प्रभारी गोड़वा रामनगर इमलिया विनोद कुमार पटेल, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कनौजिया और कांस्टेबल आनंद कुमार यादव को निलंबित किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त