डीएम ने भ्रष्टाचारी और लापरवाही बरतने वाले चार कर्मचारियाें काे निलंबित किया

 


फर्रुखाबाद, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने साेमवार काे विभिन्न तहसीलों में तैनात चार कर्मचारियों के खिलाफ गंभीर आरोपों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की है। यह कदम प्रशासन की पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

तहसील सदर में तैनात राजस्व निरीक्षक विमल कुमार श्रीवास्तव को एंटी करप्शन टीम ने उनके आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस दौरान पवन सक्सेना उर्फ ऋषभ को भी हिरासत में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कार्यालय (भूलेख अनुभाग) ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया गया। वहीं, तहसील कायमगंज में तैनात राजस्व निरीक्षक विजय पाल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें प्रथम दृष्टयाअनियमितता और अनुचित आचरण सामने आया। उपजिलाधिकारी कायमगंज की प्रेषित जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा तहसील अमृतपुर में कार्यरत लेखपाल उत्कर्ष दुबे पर पैमाइश कार्य में अनावश्यक देरी और लापरवाही बरतने के आरोप सिद्ध होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। ग्राम विकास अधिकारी मानेंद्र सिंह को शौचालय के केयरटेकर के भुगतान को लंबित रखने और कार्य में शिथिलता के कारण निलंबित किया गया है।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने इन अफसरों के निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया है कि जनपद में भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं की जाएगी है। उन्होंने कहा कि आमजन को पारदर्शी, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

————————————————————

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar