न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने किया पुलिस चौकी का शिलान्यास, 15 अगस्त तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
मीरजापुर, 10 जून (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के नेगुरा रिबई सिंह गांव में बुधवार को प्रयागराज उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में नव प्रस्तावित पुलिस चौकी का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित कार्यक्रम में आचार्य पं. रमेश चन्द्र त्रिपाठी ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गांव में पुलिस चौकी स्थापित होने से कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा अपराध नियंत्रण में सहायता प्राप्त होगी। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने ग्रामीणों से किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बताया गया कि क्रिटिकल गैप्स योजना के अंतर्गत 14 लाख 24 हजार रुपये की लागत से गांव के पूर्वी सीवान में पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाएगा। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की अधिशासी अभियंता ने बताया कि लगभग 60 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाली चौकी का निर्माण कार्य आगामी 15 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्माण स्थल पर आम और नीम के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में गांव निवासी एवं ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख अवधराज उर्फ पप्पू सिंह, जिला पंचायत सदस्य पार्थ सिंह, स्वामीनाथ सिंह, राजेन्द्र बिंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा