मीरजापुर में नरायनघाट पंप कैनाल पर कटाव निरोधक परियोजना का शिलान्यास
मीरजापुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर जिगना क्षेत्र के बीजर कला ग्राम में रविवार को सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग (सोन संगठन, वाराणसी) की ओर से नरायनघाट पंप कैनाल पर कटाव निरोधक परियोजना का शिलान्यास सदर विधायक रत्नाकर मिश्र ने नारियल फोड़कर किया।
इस अवसर पर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि गंगा के मुहाने पर स्थित पंप कैनाल एवं आसपास की बस्तियों को कटाव से सुरक्षित रखने के लिए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के पूरा होने से क्षेत्र की एक बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होगी। बाढ़ के दौरान हर वर्ष होने वाले कटाव के कारण मांझी बस्ती के कई घर गंगा में समाहित होने के कगार पर पहुंच जाते थे, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता था।
परियोजना के संबंध में जानकारी देते हुए एसडीओ उमेश द्विवेदी ने बताया कि लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से कटाव रोधी कार्य कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार ने परियोजना की रूपरेखा साझा करते हुए उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में गैपुरा मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार पाठक, संतोष धर दुबे, सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा