देवरिया में खाद्य सुरक्षा अभियान में 27 खाद्य नमूनों की हुई जांच, खाद्य स्वच्छता की दी गई जानकारी

 


देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (एफएसडब्ल्यू) के माध्यम से खाद्य सुरक्षा जांच एवं जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान सलेमपुर तहसील के खुखुंदू चौराहे पर विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूनों की मौके पर जांच की गई और उपभोक्ताओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र ने बताया कि श्रीराम यादव, प्रेमचंद्र, नेहा त्रिपाठी तथा लैब टेक्नीशियन करन कुमार चौरसिया की टीम ने विभिन्न दुकानों से कुल 27 खाद्य पदार्थों के नमूनों का परीक्षण किया। जांच के दौरान एक छेना मिठाई का नमूना बाह्य पदार्थ युक्त पाया गया। इस पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने और खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेंद्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट मौके पर ही संबंधित खाद्य कारोबारियों को उपलब्ध कराई गई और उन्हें जांच के परिणामों से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की जांच का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जागरूक करना भी है।

अभियान के दौरान फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स प्रयोगशाला को देखकर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और उपभोक्ता भी मौके पर पहुंच गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें मिलावटी खाद्य पदार्थों की पहचान, स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के महत्व की जानकारी दी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर विभाग को तुरंत सूचित करें। विभाग ने बताया कि जनपद में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक