खाद्य विभाग की टीम ने 268 लीटर सरसों का तेल किया सीज

 


मुरादाबाद, 24 फरवरी (हि.स.)। होली का त्योहार पास आते ही मिलावटखोरी को लेकर खाद्य विभाग ने छापेमारी अभियान को तेज कर दिया है। मंगलवार को उप्र के मुरादाबाद जिले में खाद्य विभाग की टीम ने 268 लीटर सरसों का तेल जांच में फेल होने पर सीज कर दिया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) मुरादाबाद राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि तीन दिन पूर्व शनिवार को बिलारी के मैसर्स श्री शिवगोपाल की दुकान से सरसों के तेल का भी एक नमूना लिया गया था, जो जांच में फेल हो गया। मंगलवार को टीम ने उनके यहां पहुंचकर लगभग 45 हजार 560 रुपये कीमत के 268 लीटर सरसों के तेल को सीज कर दिया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि रमजान चल रहे हैं। होली का त्योहार समीप है। साथ ही शादियों का भी सीजन चल रहा है। ऐसे में मिलावटी व मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका बढ़ जाती है। इसे रोकने के लिए विभागीय प्रवर्तन दल अभियान चलाकर छापामारी कर रहे हैं। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया जाता है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद गुणदोष के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल