फर्रुखाबाद: बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच नाव से पहुंचे एडीएम, राहत सामग्री बांट जाना हालचाल
फर्रुखाबाद,11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में बाढ़ की विभीषका से जूझ रहे पीड़ितों के बीच मंगलवार नाव से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह पहुंचे। उन्होंने प्रभावितों को राहत सामग्री बांटते हुए हालचाल लिया।
एडीएम वित्त एवं राजस्व ने यहां बाढ़ प्रभावित सदर तहसील स्थित विकासखण्ड बढ़पुर के ग्राम दिलीप की मड़ैया एवं धौली की मड़ैया में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामवासियों को उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित ग्रामों में लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उन्हें आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनकी सुरक्षा एवं राहत के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक सभी प्रभावित परिवारों को शासन की मंशा के अनुरूप समुचित राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन सदैव उपलब्ध रहें। उन्होंने राहत कार्यों की सतत निगरानी करते हुए सभी व्यवस्थाएं प्रभावी एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के पानी के कारण जिन ग्रामवासियों के मकान का कटाव हुआ है, उनका सूचिकरण कर शासन के निर्देशानुसार तत्काल सहायता राशि मुहैया कराई जाए, इसके साथ ही संबंधित ग्रामीणों को आवासीय पट्टे के भूमि आवंटन के लिए प्रस्ताव तैयार करें।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, तहसीलदार सदर विक्रम सिंह चौहान, नायब तहसीलदार मनीष वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar