युगों-युगों तक लहराता रहेगा सनातन धर्म का परचम : नितेश सिंह
मीरजापुर,10 मई (हि.स.)। हिन्दू युवा वाहिनी मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितेश सिंह ने कहा कि सनातन धर्म और संस्कृति की महत्ता को कोई समाप्त नहीं कर सकता। अनेक आक्रांताओं के बावजूद सनातन धर्म आज भी मजबूती के साथ कायम है और उसका परचम युगों-युगों तक लहराता रहेगा।
रविवार को जिगना और गैपुरा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से तिलक लगाने,कलावा बांधने और बच्चों को हनुमान चालीसा का पाठ कराने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद करने तथा शोषित और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए आगे आने की सीख दी।
नितेश सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता जनसुनवाई कार्यक्रमों में लोगों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करें। उन्होंने मंडल स्तर पर प्रतिवर्ष 21 कन्याओं के विवाह कराने और शिक्षा से वंचित बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रदेश प्रभारी शशांक मिश्रा ने कहा कि सनातन का सूरज कभी अस्त नहीं होता। उन्होंने लोगों से तिलक-चंदन धारण करने और धर्म-संस्कृति के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव ए.के.अग्रवाल,सुरेश शर्मा,प्रमोद सिंह,कपिल चौबे, बिपुल मिश्रा,जगदीश निषाद,अजीत उर्फ सोनू पाठक,राजदेव विश्वकर्मा और प्रताप सिंह समेत अन्य लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन राम सिंह ने किया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा