योगी सरकार की पहल पर फिरोजाबाद में लगेगा भव्य मिलेट्स महोत्सव
किसानों को उन्नत बीजों, आधुनिक कृषि विधियों और सरकारी अनुदानों की मिलेगी सीधी जानकारी
फिरोजाबाद, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कृषि और किसानों के समग्र विकास के साथ-साथ आम जनमानस को पौष्टिक आहार से जोड़ने के लिए योगी सरकार निरंतर प्रयासरत है। मोटे अनाज (मिलेट्स) को 'श्री अन्न' का दर्जा देकर इसे बढ़ावा देने की मुहिम अब हर जिले में तेजी से पहुंच रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन न्यूट्रीसीरियल घटक के तहत फिरोजाबाद जनपद में 09 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय मिलेट्स महोत्सव एवं किसान मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार मिलेट्स के उत्पादन और उपभोग को राज्य में जन आंदोलन बनाना चाहती है। उ.प्र. मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के तहत इस महोत्सव का आयोजन उसी दूरगामी सोच का हिस्सा है। कम पानी और विपरीत मौसम में भी अच्छी पैदावार देने वाले मोटे अनाज किसानों की आय बढ़ाने के साथ ही कुपोषण को दूर करने में भी कारगर हैं। सरकार का लक्ष्य है कि 'श्री अन्न' फिर से हर थाली का अहम हिस्सा बने।
रेसिपी विकास और उपभोक्ता जागरूकता पर जोर
इस एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन 09 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से कृषि विज्ञान केन्द्र, हजरतपुर (फिरोजाबाद) के प्रांगण में होगा। इस मेले का मुख्य आकर्षण 'मिलेट्स रेसिपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम' रहेगा। यहां विशेषज्ञों द्वारा मोटे अनाज से तैयार होने वाले स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी दी जाएगी, ताकि नई पीढ़ी इसके स्वाद और फायदों से परिचित हो सके।
विभागीय स्टॉल और प्रदर्शनी से मिलेगी जानकारी
महोत्सव में किसानों और उपभोक्ताओं के लिए कृषि तथा सहयोगी विभागों द्वारा विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे समय से कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपने-अपने विभागीय स्टॉल लगाना सुनिश्चित करें। इन स्टॉल्स के जरिए किसानों को उन्नत बीज, खेती की नई तकनीक और सरकारी अनुदान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
जन-जन तक पहुंचे मिलेट्स के फायदे
मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में मिलेट्स महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हमारा मुख्य उद्देश्य किसानों को मोटे अनाज की खेती के उन्नत तरीकों से अवगत कराना और उपभोक्ताओं के बीच मिलेट्स के प्रति जागरूकता पैदा करना है। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे विभागीय स्टॉल के माध्यम से किसानों तक सरकार की लाभकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं, जिससे जनपद का किसान आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त हो सके।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़