2029 तक जनता ढूंढ़ लेगी कांग्रेस और सपा का विकल्प : केशव माैर्य
फिरोजाबाद, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को फिरोजाबाद में कांग्रेस व सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगामी 2029 के लोकसभा चुनाव तक केन्द्र में कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में सपा विपक्ष की भूमिका से हट जाएगी। जनता नया विकल्प तलाश लेगी।
उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को फिरोजाबाद में अहिल्याबाई होल्कर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरने के बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद वे पालीवाल हॉल में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इस दौरान वह पत्रकारों से भी रूबरू हुए। उन्होंने इंडिया गठबंधन के भविष्य से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यह गठबंधन 2024 में ही बिखर चुका है और जनता इसका वास्तविक स्वरूप देख चुकी है।
मौर्य ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष अपनी भूमिका निभाने में पूरी तरह असफल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल नकारात्मक राजनीति और बयानबाजी तक सीमित है। उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2029 के चुनाव तक कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की स्थिति और कमजोर हो जाएगी, कांग्रेस केन्द्र व सपा प्रदेश की सरकार में विपक्ष की भूमिका में भी नहीं रहेगी और जनता नया विकल्प तलाश लेगी।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा का इतिहास संतों और रामभक्तों के सम्मान का नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामभक्तों पर गोली चलाने और संतों की उपेक्षा करने वाली पार्टी अब वोट बैंक की राजनीति के लिए अलग चेहरा दिखाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता उनके चरित्र को जानती है।
हाईकोर्ट की टिप्पणी को लेकर भाजपा पर सवाल उठाने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा पर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसी प्रकार विपक्ष भी अपनी भूमिका का आत्ममंथन करे। उन्होंने जोर दिया कि जनता सब कुछ देख रही है और लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता ही करती है। रही बात हाईकोर्ट की तो वहां सरकार के अधिवक्ता पक्ष रखेंगे।
पुलिस पर भाजपा के एजेंट की तरह काम करने के आरोपों को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। मौर्य ने कहा कि यह विपक्ष की मानसिकता और राजनीतिक दृष्टिकोण का परिणाम है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, विधायक प्रेमपाल धनगर, विधायक मनीष असीजा, डॉ. अमित गुप्ता, सतीश दिवाकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बघेल समाज के लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़