वाराणसी में सीएफओ ने की कोचिंग सेंटरों की जांच, माइक्रोटेक इंस्टिट्यूट में मिली खामी

 


वाराणसी, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में रविवार को एक बार फिर से कोचिंग सेंटरों में आग एवं अन्य किसी मुश्किल स्थिति से निपटने के इंतजामों की जांच की गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) आनंद सिंह राजपूत ने दलबल के साथ कोचिंग सेंटरों को जांचा परखा।

सीएफओ आनंद सिंह राजपूत ने वाराणसी के बड़ी कोचिंग माइक्रोटेक इंस्टिट्यूट में आग लगने पर बजने वाले ध्वनि यंत्र को बंद पाया। इसी तरह कौटिल्य कोचिंग के मुख्य द्वार पर ताला बंद देखकर उसे भी कार्यवाही की घेरे में ले लिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने कहा कि वर्तमान समय में बहुत सारी कोचिंग सेंटरों में आग से निपटने के पर्याप्त इंतजाम नहीं है। आज जांच पड़ताल के दौरान चार कोचिंगों में इस तरह की स्थिति पाई गई हैं। कुछ कोचिंग सेंटर में कुछ खामियां मिली हैं, जिन्हें दुरुस्त करने के लिए निर्देशित किया गया है।

बता दें कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में बीती दिनों कोचिंग संस्थान में भीषण अग्निकांड के बाद वाराणसी की कुछ कोचिंग सेंटरों को वाराणसी विकास प्राधिकरण ने नक्शा ना मिलने पर सील किया था। वाराणसी विकास प्राधिकरण की कार्रवाई के बाद से अभी तक उन कोचिंग सेंटरों के ताले नहीं खुल सके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद