क्रेशर हादसे में मृत चार श्रमिकों के परिवारों को 15-15 लाख की सहायता

 


मीरजापुर, 06 सितंबर (हि.स.)। अहरौरा क्षेत्र में क्रेशर प्लांट के पास डग ढहने से चार श्रमिकों की मौत मामले में रविवार काे मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ ने मृतक श्रमिकों के परिवारों को 15-15 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे। इसके साथ ही अंतिम संस्कार के लिए प्रत्येक परिवार को 25-25 हजार रुपये की अतिरिक्त धनराशि भी दी गई।

प्रशासन की ओर से यह सहायता राशि एसएस रंजन क्रेशर कंपनी की तरफ से दिलाई गई है। राज्यमंत्री ने मृतक श्रमिकों के परिजनों क्रमश: कविता, किरन देवी, कुसुम कली विश्वकर्मा और संगीता को सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इस दौरान परिजनों की आंखों में अपनों को खोने का गम साफ नजर आया।

उल्लेखनीय है कि पांच सितंबर को अहरौरा क्षेत्र स्थित क्रेशर प्लांट के पास डग ढहने से चार श्रमिकों की दबकर मौत हो गई थी। हादसे में सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गवां गांव निवासी चार मजदूरों की जान गई थी। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जिला खान अधिकारी जितेन्द्र सिंह सहित मीरजापुर और सोनभद्र के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा