औरैया : बेटी की हत्या में पिता समेत दो गिरफ्तार

 


औरैया, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र के दलपपुर गांव के पास वन विभाग की जमीन पर गड्ढे में दबी मिली युवती की हत्या की घटना का पुलिस ने मंगलवार काे खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या की घटना में मृतक के पिता समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि बीते माह 20 सितंबर को ग्राम प्रधान ऊसराहा ने बेला पुलिस को सूचना दी थी कि दलपपुर मोड़ के पास वन विभाग की जमीन पर सड़क से करीब 50 मीटर अंदर बबूल के पेड़ों के बीच एक अज्ञात युवती का शव गड्ढे में दबा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चिचौली स्थित मोर्चरी भेज दिया। पुलिस शव की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बाद में सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर देखकर कन्नौज जिले के कपूरापुर निवासी रजत कुमार ने मृतक युवती की पहचान अपनी बहन के रूप में की। भाई रजत ने पुलिस को बताया कि नौ सितंबर को उसके पिता चन्द्रप्रकाश ने उन्हें बेला तक छोड़ने को कहा। नायरा पेट्रोल पंप के पास बेला-तिर्वा रोड पर उसकी बुआ का बेटा दीपक से मिला और फिर पिता ने उससे घर लौट जाने की बात कही। वहां से

पिता दीपक के साथ चले गए।

रजत के अनुसार, पिता से फोन पर पूछने पर उन्होंने दीपक के साथ मिलकर बहन की हत्या करने और शव को दलपपुर के जंगल में गाड़ने की बात बताई। पिता की धमकी के डर से उसने तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी। तहरीर के आधार पर बेला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 13 अक्टूबर को कैथावा मोड़ के पास से बेटी की हत्या के आराेपित पिता चन्द्रप्रकाश उर्फ भगवान दीन (48) निवासी कपूरापुर, कन्नौज और दीपक उर्फ दीपांशु (25) निवासी दलपपुर, बेला को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आराेपित चन्द्रप्रकाश ने बताया कि बेटी के बिना बताए घर से चले जाने को लेकर वह नाराज रहता था। इसी कारण उसने बहन के बेटे के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और फावड़ा बरामद किया गया है। मामले में बीएनएस की धारा 61(2) की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार