सीएमओ ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को सफल बनाने का दिलाया संकल्प
फतेहपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम एवं तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम टीम की एक महत्वपूर्ण बैठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० यूबी सिंह की अध्यक्षता में शनिवार काे आयोजित की गई।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों पर चर्चा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट टोबैको कंट्रोल सेल, नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने उपस्थित चिकित्सकों एवं आरबीएसके टीम के सदस्यों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने, अधिक से अधिक विद्यालयों को तंबाकू मुक्त विद्यालय अभियान से जोड़ने तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में उत्तर प्रदेश वॉलंटरी हेल्थ एसोसिएशन के रीजनल कोऑर्डिनेटर द्वारा तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत निर्धारित प्रमुख इंडिकेटर्स के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने प्रमुख इंडिकेटर्स पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि तंबाकू के हानिकारक प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढाना है। तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थानों के दिशा-निर्देशों के अनुपालन को बढ़ावा देना। तंबाकू मुक्त गांव तंबाकू मुक्त गांवों के निर्माण की दिशा में प्रयास करना। सोशल मीडिया सहभागिता सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी बढ़ाना। उच्च शिक्षण संस्थानों से जुडाव विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के साथ समन्वय एवं सहभागिता को मजबूत करना।
इसके साथ ही अभियान के सभी छह इंडिकेटर्स के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से सचालित करने पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तंबाकू मुक्त समाज एवं स्वस्थ युवा पीढी के निर्माण हेतु सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण की तथा तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। बैठक में विभिन्न ब्लॉकों के चिकित्सक, आरबीएसके टीम के सदस्य तथा मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।-----------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार