राशन घटतौली की शिकायताें की कड़ाई से कराई जाए जांच : जिलाधिकारी

 


खाद्य व रसद विभाग की जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न

फतेहपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागर में खाद्य व रसद विभाग की जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

समिति के अध्यक्ष द्वारा बैठक एजेण्डा पर क्रमवार चर्चा की गयी तथा संयोजक सदस्य जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि जनपद के नगरीय क्षेत्रों में कुल 270533 एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 1674600 सदस्यों को योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है।

जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि जिन विक्रेताओं द्वारा खाद्यान्न वितरण किसी माह में अप्रत्याशित रूप से कम या अधिक किया जाता है और सम्बद्ध कार्डों, यूनिटों में कमी व अधिकता पायी जाती है, वहां पर सम्बन्धित पूर्ति निरीक्षक स्थलीय जांच कर आवश्यक कार्यवाही करायें तथा जिन विक्रेताओं की घटतौली की शिकायतें विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होती हैं तो उसकी कड़ाई से जांच की जाये।

नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में जो दुकानें रिक्त हैं वहां तत्काल नियमानुसार कोटेदार की नियुक्त करायी जाये। जो राशन कार्डधारक लगातार 03 माह या उससे अधिक समय से खाद्यान्न प्राप्त नहीं कर रहे हैं अथवा मृतक हो गये हैं, उनका नियमित रूप से सत्यापन कराते हुये राशन कार्ड निरस्त किया जाये तथा उनके स्थान पर पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाया जाये। सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था के अन्तर्गत उचित दर विक्रेताओं द्वारा ई-पास मशीन के माध्यम से निर्धारित जियोफेन्स सीमा के अन्तर्गत नियत समयावधि में खाद्यान्न प्राप्त कराया जाये। मनरेगा व खाद्य एवं रसद विभाग के बजट से बनने वाले अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाये तथा जनपद के नगरीय क्षेत्रों में भी अन्नपूर्णा भवन बनाये हेतु भूमि का चिन्हांकन कराया जाये।

बैठक में सतर्कता समिति के सदस्य जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यकम अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, प्रधान सहायक (कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी), नगर पंचायत अध्यक्ष खागा (नामित सदस्य), स्मिता सिंह (नामित सदस्य), राकेश श्रीवास्तव (नामित सदस्य) तथा संयोजक सदस्य जिला पूर्ति अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार