रोडवेज बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौत, बच्ची घायल
फतेहपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में जहानाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौत हो गई, जबकि मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
जहानाबाद थाना व कस्बा के मोहल्ला छोटी बाजार मियां टोला निवासी महफूज आलम (40) अपनी पत्नी बेबी (35) व बच्ची अतिका(05) के साथ कंसमीरी गांव में दावत में शामिल होने गए थे। शनिवार देर शाम करीब आठ बजे तीनों मोटरसाइकिल से वापस अपने घर जहानाबाद लौट रहे थे। जैसे ही वे कंसमीरी मोड़ के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद चालक बस समेत फरार हो गया। मौके पर जुटे राहगीरों और सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिंदकी भिजवाया, जहां चिकित्सक ने बेबी और महफूज आलम को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि महफूज आलम की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई थी। वहीं, घायल बच्ची अतिका का उपचार चल रहा है। एक साथ दंपति की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
थानाध्यक्ष अमरनाथ मौर्य ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार