सड़क हादसे में पीडब्ल्यूडी अवर अभियंता की मौत, साथी घायल

 


फतेहपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को खागा ओवरब्रिज के ऊपर पीडब्ल्यूडी अवर अभियंता की कार का टायर फट गया और कार पलट गई। अवर अभियंता कार का डोर टूट जाने से ब्रिज से नीचे गिर गये, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

खागा थाना व कस्बे के पूर्वी बाईपास के पास ओवरब्रिज पर प्रयागराज से फतेहपुर आ रही डिजायर कार का टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलटते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। इस दौरान कार चला रहे अवर अभियंता राहुल सिंह उछलकर ओवरब्रिज के नीचे जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह सीट बेल्ट नहीं लगाए होने के कारण वह कार से बाहर जा गिरे, जबकि कार में सवार उनके साथी शुभम सिंह सीट बेल्ट लगाए होने के चलते बच गए। हालांकि उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं और उपचार के लिए सीएचसी अस्पताल भेजा गया।

अवर अभियंता राहुल सिंह वर्तमान में फतेहपुर में लोक निर्माण विभाग में तैनात थे और प्रयागराज से फतेहपुर आ रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना की सूचना मिलते ही मौके फर पहुंचे खागा कोतवाल संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि 108 एंबुलेंस और एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल शुभम सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदों में भर्ती कराया है। वहीं मृतक राहुल सिंह के शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार