वृक्ष धरा के आभूषण, जिन्हें संजोने के लिए करें संरक्षण : राज्यमंत्री

 


माँ और वृक्ष दोनों हमेशा देने का करते हैं काम-जिलाधिकारी

एक पेड़ माँ के नाम थीम पर पीएसी में किया गया पौधरोपण

राज्यमंत्री के साथ नोडल अधिकारी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सीडीओ व अन्य महानुभावों ने भी किया पौधरोपण

फतेहपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को वृक्षारोपण ”एक पेड़ माँ के नाम” की थीम पर 12वीं वाहिनी पीएसी परिसर में प्रदेश सरकार की पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, जनपद के लिए नामित नोडल अधिकारी व निबंधन स्टाम्प एवं पंजीकरण विभाग महानिरीक्षक डा0 सारिका मोहन, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने हरिशंकरी (पीपल, पाखड़, बरगद) के पौधे रोपित कर वृक्षारोपण महायज्ञ की शुरुआत की।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, 12वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक, अपर जिलाधिकारी, उप सेनानायक, पुलिस क्षेत्राधिकारी आदि ने पौध रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश दिया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि”एक पेड़ माँ के नाम” थीम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिया है इसका उद्देश्य है कि हमें पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण अवश्य करना चाहिए और पौधरोपण के साथ–साथ इसकी देखभाल भी करें। उन्होंने कहा वृक्ष धरा का आभूषण है, जिन्हें संजोने के लिए पौधरोपण आवश्य करना चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान में जनपद में लगभग 53 लाख पौध रोपित करने का लक्ष्य मिला है। जिसकी कार्ययोजना बनाकर सभी विभागों को लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि ”एक पेड़ माँ के नाम” थीम हमें याद दिलाती है कि मां हमेशा देने का काम करती है और वृक्ष भी हमे बहुत कुछ देते है, इसलिए हम सबकी जिम्मेदारी है कि एक–एक पौधा अवश्य लगाए और संरक्षण की भी व्यवस्था अवश्य करें।उन्होंने कहा कि पौधरोपण अभियान की शुरुआत 05 जून विश्व पर्यावरण दिवस से की गई थी, हमारे जीवन में किताबों और पौधों का बहुत महत्व है , हमें इसका ध्यान देना चाहिए।

इस मौके पर चित्रकला, पोस्टर, निबंध, वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले 04 छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी जीरामजी, डीसी एनआरएलएम, डायट प्राचार्या, तहसीलदार सहित नागरिक व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार