फतेहपुर : छोटी काशी शिवराजपुर में कार्तिक पूर्णिमा के ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ
-गंगा स्नान के बाद लोगों ने की जमकर खरीददारी
फतेहपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की छोटी काशी व मंदिरों की नगरी शिवराजपुर में एक सप्ताह तक लगने वाला ऐतिहासिक व धार्मिक मेले का गंगास्नान के साथ मंगलवार से शुभारंभ हो गया। फतेहपुर सहित उन्नाव, हमीरपुर, बांदा, महोबा, रायबरेली, कानपुर नगर व कानपुर देहात सहित अन्य जनपदों के लोग भी मेले में पहुंच कर छोटी काशी में गंगा स्नान कर खूब खरीददारी कर रहे हैं। मेले में जहां एक ओर बच्चे झूलों का आनंद ले रहे हैं, वहीं महिलाएं मीना बाजार की शोभा बढ़ा रही हैं। पुरुष घर-गृहस्थी का सामान खरीद रहे हैं।
मेले में झूला, सर्कस, कॉस्मेटिक, खिलौने, कपड़े, बर्तन, चाट, मूंगफली व केले की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई। मेला कमेटी के पूर्व प्रधान सूरजपाल यादव ने छोटी काशी के महात्म्य के बारे में बताया कि भगवान कृष्ण की अनन्य भक्त मीराबाई अपने अराध्य गिरधर गोपाल की मूर्ति लेकर मथुरा जा रही थी जब वह मंदिरों की नगरी छोटी काशी शिवराजपूर पहुंची तो वह कुछ दिन यहां प्रवास कर मंदिर बनवाकर गिरधर गोपाल की मूर्ति को स्थापित कर चली गईं थी। वह मूर्ति आज भी मौजूद है।
मेला कमेटी के पूर्व प्रधान सूरजपाल यादव ने बताया कि पूरे मेले पर कमेटी के सदस्यों द्वारा बराबर निगरानी की जा रही है कि दुकानदार, महिलाएं, बच्चों तथा मेले में आए किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी ना होने पाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार