फतेहपुर : मां की डांट से क्षुब्ध किशोरी ने लगाई कुंए में छलांग, मौत
फतेहपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार सुबह माँ की डांट से क्षुब्ध किशोरी ने कुंए में छलांग लगा दी। पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के बुढ़वा गांव निवासी ऊदल की पत्नी फूलन ने अपनी 16 वर्षीय पुत्री कंचन को किसी बात को लेकर आज सुबह डांट दिया था। जिससे क्षुब्ध होकर कंचन घर से चुपचाप निकल कर करीब डेढ़ सौ मीटर दूर गाँव से बाहर 70 फुट गहरे एक संकरे व पुराने कुंए में छलांग लगा दी। कुएं में छलांग लगाते समय खेत में काम करते लोगों ने देखा और शोर मचाया तब तक किशोरी गहरे कुएं में जा चुकी थी। लोगों ने परिजनों को घटना की सूचना दी। जिस पर परिजनों ने इसकी सूचना पीआरवी को दिया। मौके पर थाना प्रभारी योगेश कुमार हमराही फोर्स के साथ पहुंचे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से शव निकालने का प्रयास किया गया किंतु गहरे एवं सकरे कुंए की वजह से सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से शव कुंए से निकाला जा सका। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार