फतेहपुर: पूरे हर्षोल्लास के साथ जिले भर में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
-जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में झंडारोहण के बाद पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश-पुलिस लाईन में पुलिस अधीक्षक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को दी सलामी
फतेहपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को सादगी के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर कैम्प कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने ध्वजारोहण कर सलामी दी, वन्देमातरम व राष्ट्रगान गया गया। साथ ही समस्त सरकारी भवनों पर प्रातः आठ बजे ध्वजारोहण किया गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने गांधी मैदान में पौध रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश भी दिया। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने रिज़र्व पुलिस लाइन में क्वार्टर गार्द पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गयी एवं उपस्थित अधिकारी व कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई एवं कर्मचारियों को संबोधित किया गया। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं व बधाई दी ।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह स्वतंत्रता हमारे बलिदानियों ने अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिलाई है। हम सबका कर्तव्य है कि इसे अक्षुण्य बनाए रखें, हम सब अपने जिम्मेदारियों का सही से निर्वहन कर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले महान क्रांतिकारियों की वीर गाथाओं को हमें अवश्य पढ़ना चाहिए।
स्वतंत्रता संग्राम में लोगों ने जाति, धर्म, भाषा से ऊपर उठकर देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। स्वतंत्रता दिवस एक उत्सव मनाने का दिन नहीं बल्कि यह संकल्प लेने का दिन है कि जहाँ भी है जिस पद व जिम्मेदारी पर है, ऐसा कार्य करें कि जिससे समाज व आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। इस मौके पर उपस्थित अपर उप जिलाधिकारी सूचना विज्ञान अधिकारी सहित कलेक्ट्रेट कर्मचारी व नागरिकों उपस्थित रहे।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार