लाभार्थीपरक योजनाओं का निर्धारित समय पर कराया जाए निस्तारण : जिलाधिकारी

 


फतेहपुर, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को विकास कार्यों, निर्माण कार्यों, सीएम डैस बोर्ड, आकांक्षी जनपद से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में संपन्न हुई। उन्होंने शासन की विकासपरक, लाभार्थीपरक, जनकल्याणकारी योजनाओं, निर्माण कार्यों, आकांक्षी जनपद के संकेतांकों की विस्तृत समीक्षा कर अद्यतन स्थिति की जानकारी और संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से चरणबद्ध तरीके से ससमय पूरा कराएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा उन्होंने संचालित लाभार्थीपरक लोक कल्याणकारी योजनाओं के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली, साथ ही निर्देश दिया कि जो आवेदन प्राप्त होते हैं, शासन द्वारा निर्धारित समय के अंतर्गत निस्तारण कराया जाय। ताकि पात्रों को ससमय लाभ मिल सके। सीएम–डैश बोर्ड की जो रिपोर्ट फीड किया जाना है, ससमय फीड कराया जाय। साथ ही जिन विभागों की फीडिंग गलत है, संबंधित विभाग अपने मुख्यालय से समन्वय बनाते हुए पोर्टल पर सही डाटा की फीडिंग कराएं ताकि जनपद की रैंकिंग सही रहे।

कार्यदाई संस्थाओं से कहा कि निर्धारित अवधि में कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है तो अपने मुख्यालय में बात कर अवधि बढ़वाएं ताकि सीएम डैस बोर्ड में जनपद की रैंकिंग खराब न होने पाये। उन्होंने कहा कि जीरो पावर्टी में चिन्हित परिवार जो केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से छूटे है, संबंधित विभाग नियमानुसार कार्यवाही कर योजनाओं से आच्छादित करें।

उन्होंने डीसी एनआरएलएम से कहा कि ज्यादा से ज्यादा परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाय। खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही व शिथिलता न बरती जाय। साथ ही कृषकों के जितने गाटे हैं, सभी को जोड़ा जाय एवं उसकी प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराएं। उन्होंने अधिशाषी अभियंता जल निगम ग्रामीण को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कराए।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार