जिलाधिकारी ने की सहयोग की अपील, स्वयं कर सकेंगे ऑनलाइन जनगणना

 


फतेहपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को जनगणना के दूसरे चरण की तारीखों का ऐलान हो गया है। इसे लेकर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जनपदवासियों से बढ़-चढ़कर अभियान में हिस्सा लेने की अपील की है।

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि जनगणना अभियान 01 दिसंबर से 04 जनवरी तक चलाया जाएगा। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर तक लोग खुद ऑनलाइन अपनी जनगणना कर सकते हैं। 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक जनगणना एजेंट घर-घर जाकर जनगणना करेंगे।

उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश एजेंट घर तक नहीं पहुंच पाता है तो इसके लिए टोल फ्री नंबर 1855 जारी किया गया है, जिस पर संपर्क किया जा सकता है।जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों की दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गुप्त रखी जाएंगी, इसलिए सभी लोग निसंकोच होकर सही जानकारी दें और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार