जल अर्पण व डायरिया रोकथाम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

 


फतेहपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को जिले के विकास खण्ड खजुहा की ग्राम पंचायत हाफिजपुर हरकरन में ग्राम प्रधान सत्येंद्र की अध्यक्षता व जिला परियोजना प्रबंधन इकाई टीम व ग्रामवासियों की उपस्थिति में जल अर्पण कार्यक्रम एवं डायरिया रोकथाम अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह पेयजल योजना विगत एक वर्ष से सफलतापूर्वक संचालित है। जिला परियोजना प्रबंधन इकाई से आईएसए कोऑर्डिनेटर शिवबहादुर सिंह ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल का नियमित उपयोग करने से जल जनित रोगों से बचाव संभव है तथा बीमारी के उपचार पर होने वाले अनावश्यक खर्च में भी कमी आती है। उन्होंने बताया कि दूषित पेयजल के उपयोग तथा स्वच्छता के प्रति लापरवाही के कारण ही डायरिया जैसी गंभीर बीमारियां फैलती हैं। इसलिए सभी लोगों को स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने के साथ-साथ व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान सत्येंद्र ने ग्रामीणों से अपील की कि वे पानी का दुरुपयोग न करें, जल संरक्षण एवं जल संचयन को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से वर्षा जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर वर्षा जल के संरक्षण का प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर प्रोजेक्ट मैनेजर सऊद सिद्दीकी, जीआईएस एक्सपर्ट जितेंद्र, निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर नीरज सक्सेना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार