उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान ढहा, 4 की मौत
फतेहपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार की शाम को खाना बनाते समय सिलेंडर में अचानक आग लगने से तेज विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि दो मंजिला मकान भर-भराकर ढह गया। इस घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गये, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया ।
मलवां थाना क्षेत्र स्थित कस्बा मलवां निवासी कस्बा निवासी सूरज गुप्ता के घर में खाना बनाते समय सिलेंडर में आग लग गई, जिससे सिलेंडर फटने से मकान भरभरा कर ढह गया। मौके पर परिवार के लोग मौजूद थे। मकान ढहने से कितने लोग मलबे में दबे हैं, इसकी जानकारी की अभी तक नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया जा रहा है। अभी तक 07 लोगों को निकाला जा चुका है, जिनमें 04 लोगों की मौत हो गई। 03 लोग घायल हैं, जिन्हें अल्लीपुर मेडिकल कालेज भेजा गया। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सिलेंडर फटने की घटना की सूचना पर पीआरवी व मलवां थाने का फोर्स मौके पर पहुंच कर राहत व बचाव कार्य तेजी से शुरू किया है। इस घटना में अभी तक से 04 लोगों की मौत हो गई और 03 लोग घायल हैं। मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जा चुका है। अभी मलबे को हटाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे घटना में हताहतों की पुष्टि हो सके। वही, मृतकों की पहचान भी कराया जा रहा हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार