प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर भाजयुमो के सदस्यों ने किया रक्तदान

 


फतेहपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 'सेवा पखवाड़ा' के अंतर्गत भाजयुमो तथा 'सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन' के संयुक्त तत्वाधान में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।

शिविर में 26 उत्साही युवाओं ने बढ़-चढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान किया।

शिविर का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री (दर्जा प्राप्त) भारत सरकार, साध्वी निरंजन ज्योति ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय भान सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभाकांत, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार उपस्थिति रहे। मानस रक्तकेंद्र के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दिनेश सचान ने मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों को बुके भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त का एक एक बूंद किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर 'सेवा पखवाड़े' के तहत युवाओं का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय है। समाज के हर स्वस्थ नागरिक को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

रक्तदान करने वालों में भाजयुमो जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा, महामंत्री प्रसून तिवारी, रितिक विश्वकर्मा, गुरमीत सिंह, अनिरुद्ध, अखिलेश कुमार मौर्य, अंकित, रोहित सिंह, प्रज्वल, शोभित गुप्ता, दिग्विजय सिंह, अनुज, विनय, हर्षित श्रीवास्तव, शिवेंद्र सिंह, अनुपम, मो. सैफ, मो. मुकीम, मो. हसन, रोहित, शशांक मिश्रा , शिवम,अब्दुल समीद, अहद शहीद, मोबीन शहीद एवं दीपक तिवारी शामिल रहे। रक्तदान के पश्चात मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सभी 26 रक्तदाताओं को उत्साहवर्धन हेतु प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार