जिला कारागार में भइया दूज पर बंदी भाइयों का 430 बहनों ने किया रोली-टीका
भाइयों की लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की कामना की
फतेहपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार को जिला कारागार प्रशासन की विशेष व्यवस्था के बीच 430 बहनों ने बंदी भाइयों से मुलाकात कर रोली-चंदन से टीका कर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कारागार प्रशासन ने जलपान का भी इंतजाम कर रखा था।
भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और भावनात्मक रिश्ते का प्रतीक भइयादूज बुधवार को जिला कारागार में भी पारंपरिक श्रद्धा और भावुकता के साथ मनाया गया। जेल की ऊंची दीवारों और सलाखों के बीच जब बहनों ने अपने बंदी भाइयों के माथे पर तिलक लगाया तो कई आंखें खुशी से नम हो गईं। किसी बहन की आंखों में वर्षों पुरानी यादें थीं तो किसी भाई के चेहरे पर अपनी बहन से मिलने की खुशी साफ दिखाई दी।
हिंदू धर्म में भाईदूज का पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया को मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका तिलक कर स्वागत किया और भोजन कराया। बहन के स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया। इसी मान्यता के चलते भाईदूज पर बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
भइयादूज त्योहार के मद्देनजर जिला कारागार प्रशासन ने बहनों की मुलाकात के लिए विशेष व्यवस्था की। जेल अधीक्षक नागेन्द्र सिंह ने बताया कि कारागार परिसर के बाहर टेंट और जलपान की व्यवस्था की गई। वहीं जेल के भीतर रोली, चंदन और तिलक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई, ताकि सामग्री न ला पाने वाली बहनें भी भइयादूज परंपरागत ढंग से कर सकें।
जेल अधीक्षक ने बताया कि अब तक करीब 430 बहनों ने अपने भाइयों से मुलाकात कर चुकी हैं। कारागार के भीतर यह त्योहार केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि परिवार और सामाजिक रिश्तों की अहमियत की एक मिसाल बन गया।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार