फर्रूखाबाद में गंगा तट पर सफाई कर लोगों को किया गया जागरूक

 


फर्रुखाबाद, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जनपद में जिला गंगा समिति के तत्वावधान में सावन माह के दृष्टिगत शुक्रवार को पांचाल घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल के निर्देशन में गंगा नदी को स्वच्छ किया गया।

अभियान के दौरान गंगा घाट पर फैली प्लास्टिक, पॉलिथीन, खंडित मूर्तियां, कपड़े एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर उनका समुचित निस्तारण किया गया। गंगा स्नान एवं पूजा-अर्चना के लिए आए श्रद्धालुओं को गंगा नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। श्रद्धालुओं को गंगा नदी में पूजा सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री विसर्जित न करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को गंगा नदी की महत्ता एवं इसकी स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए गंगा को स्वच्छ रखने में जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। बाढ़ के दृष्टिगत जल लेने एवं गंगा स्नान के लिए आए कांवरियों तथा श्रद्धालुओं को विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया। लोगों को गहरे पानी में न जाने तथा सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करने की सलाह दी गई।

इसके अतिरिक्त घाट पर मौजूद दुकानदारों, पंडित-पुजारियों एवं नाविकों को भी निर्देशित किया गया कि वे गंगा स्नान एवं पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को गंगा स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूक करें तथा घाट पर किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा एवं पूजा सामग्री गंगा नदी में न जाने दें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को गंगा नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar