फर्रुखाबाद : हमलावरों ने युवक पर चाकुओं से किया हमला, अस्पताल में चल रहा उपचार
फर्रुखाबाद, 27 नवंबर( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में पुरानी रंजिश की चिंगारी ने शुक्रवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। थाना कायमगंज केगांव पितौरा निवासी पुकार उर्फ हैपी दिवाकर पुत्र महिमाचन्द को पुलिस घायल अवस्था में सीएचसी कायमगंज लेकर पहुंची। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के गहरे निशान थे। गर्दन और बाएं हाथ के पंजे पर गंभीर चोटें देखकर चिकित्साधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने उसका चिकित्सीय परीक्षण कर प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के चलते उसे तत्काल बेहतर उपचार के लिए लोहिया अस्पताल भेज दिया गया।
घायल युवक ने उपचार के दौरान गांव के ही सनी और चंदन पर हमले का आरोप लगाया। उसके मुताबिक, दोनों से उसकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश के चलते आरोपित उसके घर के पास घात लगाकर बैठे थे। मौका मिलते ही उन्होंने उस पर चाकू से हमला बोल दिया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार नेबताया कि घटना की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर