ऑपरेशन के दौरान प्रसूता की मौत,परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगा कर किया हंगामा
फर्रुखाबाद ,04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान देर रात 25 वर्षीय महिला की मौत हो जाने पर परिजनों ने हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी अनुज कुमार की पत्नी रेनू को रविवार को प्रसव पीड़ा होने पर शहर के मसैनी स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल द्वारा ऑपरेशन से पहले ही 30 हजार रुपये जमा करा लिए गए। बताया गया कि देर रात ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान अस्पताल स्टाफ ने परिजनों को बताया कि महिला में खून की कमी है और ब्लड की आवश्यकता है। इस पर परिजन ब्लड बैंक की ओर चले गए। आरोप है कि उनके अनुपस्थित में ही ऑपरेशन कर दिया गया और महिला की हालत बिगड़ गई।
परिजनों का कहना है कि हालत गंभीर होने पर नर्सिंग होम ने जिम्मेदारी लेने के बजाय महिला को तुरंत कहीं और ले जाने की सलाह देकर बाहर कर दिया। जब परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को एंबुलेंस से वापस नर्सिंग होम लेकर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ और परिजनों के बीच कहासुनी भी हुई। सूचना पर रात करीब 1:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका रेनू की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसके पति अनुज कुमार गैस एजेंसी पर हाॅकर का काम करते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया की शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है | गुण दोष के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar