लखनऊ से आई विजिलेंस टीम ने छापेमारी कर बिजली चोरी पकड़ी
फर्रुखाबाद, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हरसिंहपुर गहलवार में लखनऊ से आई बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को छापामार कार्रवाई करते हुए कई संदिग्ध घरों की जांच-पड़ताल की। इस कार्रवाई से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में हलचल तेज हो गई। टीम ने उन उपभोक्ताओं को चिन्हित किया जो अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे थे।
जांच के दौरान सामने आया कि कुछ लोग बाईपास कनेक्शन के जरिए बिजली चोरी कर रहे थे, जबकि कई स्थानों पर एक ही कनेक्शन से दूसरे घरों में भी बिजली सप्लाई की जा रही थी। विजिलेंस टीम ने ऐसे उपभोक्ताओं के घरों पर छापा मारकर जांच की और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान मौके पर राजेपुर व अमृतपुर के जेई सहित बिजली विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar